छत्तीसगढ़ के कांकेर में मेंड्रा से सक्रिय पांच नक्सली गिरफ्तार, एक फरार

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ के कांकेर में मेंड्रा से सक्रिय पांच नक्सली गिरफ्तार, एक फरार


कांकेर, 29 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गोंडाहूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेंड्रा इलाके से नक्सली संगठन को दोबारा स्थापित करने के प्रयास करने वाले आठ लाख के इनामी नक्सली (डीव्हीसीएम) चंदर कतलाम सहित पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। जबकि घेराबंदी के दौरान उनका छठवां साथी मंगेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए नक्सलियों से पूछताछ जारी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस और सुरक्षाबलों ने मेंड्रा क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया था। इस दाैरान गिरफ्तार किए गए माओवादियों में चंदर कतलाम (डीव्हीसीएम), मंगलू (पड्डा काकानार एरिया कमांडर), मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी शामिल हैं। जबकि फरार साथी मंगेश की तलाश की जा रही है। सभी गिरफ्तार नक्सलियाें को पूछ-ताछ के लिए गोंडाहूर थाना ले जाया गया है, जहां उनसे इलाके में छिपाए गए हथियारों और अन्य साथियों के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एक नक्सली के भाग निकलने के बाद पुलिस की टीम आस-पास के जंगलों में सर्चिंग तेज कर दी है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। हालांकि, पांचों नक्सलियों की गिरफ्तारी, फरार साथी और हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785118 Articles

Share this story