नाव पलटने के बाद गंगरेल के टापू पर फंसा था मछुआरा, सुरक्षित निकाला गया

WhatsApp Channel Join Now
नाव पलटने के बाद गंगरेल के टापू पर फंसा था मछुआरा, सुरक्षित निकाला गया


धमतरी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बारिश और आंधी के बीच गंगरेल बांध के पानी के लहरों में एक मछुआरा का नाव बांध में पलट गया। इससे मछुआरा तैरकर टापू में चला गया था, इसकी जानकारी जिला प्रशासन को मिलने के बाद टापू पर फंसे मछुआरे को निकालने के लिए रेस्क्यू किया गया। वाटर एम्बुलेंस से उन्हें सुरक्षित निकालकर गांव पहुंचाया गया, इससे मछुआरा व उनके स्वजन में खुशी है। उनके परिवार ने जिला प्रशासन व रेस्क्यू टीम का आभार माना।

ग्राम बरारी निवासी बबलू निषाद पेशे से मछुआरा है। बीते दिनों वे लकड़ी चुनने के लिए नाव से ठेमली आइलैंड गए थे। इस दौरान मौसम में बदलाव और हवा की गति बढ़ने से बांध में लहरें तेज हो गईं। परिस्थितियां प्रतिकूल होते देख उन्हें नाव पलटने का अंदेशा हुआ। उन्होंने अपने परिवार से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी, लेकिन इसी बीच नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। मुश्किल परिस्थितियों में भी बबलू ने हिम्मत नहीं हारी।

उन्होंने करीब 100 मीटर तक तैरकर दूसरे टापू पर पहुंचकर आश्रय लिया। अंधेरा होने के कारण जंगल में रास्ता तलाशना भी उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो गया। उधर, परिवार के सदस्य और ग्रामीण उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। उनके द्वारा दी गई सूचना के बाद गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की टीम सक्रिय हुई। टीम ने गुरुवार काे वाटर एम्बुलेंस की मदद से बबलू को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके गांव पहुंचाया। इस अभियान में सत्येंद्र शिव, राजेश मुकेश सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला प्रशासन के सहयोग से मिली राहत

गंगरेल बांध जैसे विस्तृत जलक्षेत्र में अचानक उत्पन्न होने वाली आपात परिस्थितियों में त्वरित सूचना, आपसी समन्वय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग बेहद महत्वपूर्ण है। इस घटना में स्थानीय लोगों की सतर्कता और बचाव दल की तत्परता के साथ जिला प्रशासन का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। ऐसे समन्वित प्रयास आपात स्थिति में प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाने और उसकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में सहायक होते हैं।

जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अर्णब चक्रवात के चलते जिलेवासियों से अपील की है कि चक्रवात के चलते कोई भी जलाशय किनारे न जाए। दूरी बनाकर रहें। बांध क्षेत्रों में फिलहाल न जाए। चक्रवात शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story