50 से अधिक बार चाकू व हथियार गोदकर की मछली व्यवसायी की हत्या
नगरी-गरियाबंद मार्ग की घटना, पुलिस जुटी आरोपितों को ढूंढने
धमतरी, 28 जून (हि.स.)। मछली व्यवसाय कर माेटरसाइकिल से घर लौट रहे एक मछली व्यवसायी व उनके साथी पर सघन जंगल मार्ग पर कुछ लोगों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। मछली व्यवसायी को घेरकर हमलावरों ने उनके शरीर पर 50 से अधिक बार चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी। जबकि उनके साथी के आंख में मिर्च पाउडर छिड़का तो वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। पुलिस इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पतासाजी में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विपलभ मंडल 55 वर्ष पुत्र मनोरंजन मंडल मूल निवासी कोलकाता जो पिछले सात-आठ वर्षों से गरियाबंद जिले के ग्राम बोईरगांव दर्रीपारा, थाना मैनपुर में निवासरत थे। वे अपने साथी चुम्मन यादव के साथ नगरी के सिहावा रोड स्थित एमएम फिश दुकान का संचालन करते थे। दोनों प्रतिदिन नगरी से बोईरगांव मार्ग से आना-जाना करते थे। हर रोज की तरह 27 जून को शाम करीब छह बजे दुकान बंद कर दोनों मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे, तभी गोरेगांव से करीब तीन किलोमीटर गरियाबंद मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया और विपलभ मंडल के सिर पर लकड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जबकि चुम्मन यादव के आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखों में तेज जलन होने के कारण चुम्मन किसी तरह वहां से जान बचाकर बोईरगांव की ओर भाग निकले। इधर हमलावरों ने विपलभ मंडल को घेर लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उनके शरीर पर 50 से अधिक जगहों पर चाकू समेत अन्य हथियारों से हमला किया है। इसका निशान उनके शरीर पर है।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल होकर विपलभ मंडल वहां पड़ा हुआ था। इधर जान बचाकर गांव पहुंचे चुम्मन यादव ने घटना की जानकारी गांव और नगरी में दुकान पर काम करने वाले साथियों को दी। सूचना मिलते ही लोग घटनास्थल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विपलभ मंडल को तत्काल नगरी के शासकीय अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रविवार काे शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया। इधर मछली व्यवसायी के हत्या की खबर के बाद पुलिस घटना स्थल की जांच कर अज्ञात हमलावरों को ढूंढने में जुट गई है। घटना स्थल से पुलिस को कुछ सुराग मिला है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस व ग्रामीणों का मानना है कि मामला सुनियोजित लूटपाट या किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। नगरी-गरियाबंद सघन वन मार्ग है, यहां से आने-जाने वाले लोगों में दहशत बना रहता है। अब इस घटना के बाद से राहगीरों व क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है। जबकि इस मार्ग से हर रोज व्यापारी, कर्मचारी और ग्रामीण आवाजाही करते हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने इस मार्ग में पुलिस गश्त करने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इस घटना से आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कर हमलावरों को पकड़कर सख्त कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने शासन-प्रशासन से मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

