जिले के प्रत्येक विकासखंड में स्थापित होंगे मछली दाना केंद्र, मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
जिले के प्रत्येक विकासखंड में स्थापित होंगे मछली दाना केंद्र, मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा


धमतरी, 25 नवंबर (हि.स.)।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम सियादेवी में मत्स्य पालन इकाई का किया निरीक्षण, स्थानीय स्तर पर मछली आहार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

जिले में मत्स्य पालन को आजीविका और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। मत्स्य पालकों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक मछली दाना केंद्र स्थापित किया जाएगा। इससे मत्स्य पालकों को गुणवत्तापूर्ण मछली आहार आसानी से उपलब्ध होगा और उन्हें इसके लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम सियादेवी स्थित कृषि महाविद्यालय के समीप संचालित मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण कर इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालक खेमिन बाई से चर्चा कर मछली एवं झींगा पालन की गतिविधियों, उत्पादन, आहार की उपलब्धता और व्यवसाय में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। खेमिन बाई ने बताया कि वे वर्ष 2020 से मत्स्य पालन के व्यवसाय से जुड़ी हैं। मछली पालन के साथ झींगा पालन भी कर रही हैं, लेकिन मछलियों के लिए आवश्यक आहार धमतरी से खरीदकर लाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि मत्स्य पालकों को स्थानीय स्तर पर ही मछली दाना एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उनके समय और परिवहन खर्च में कमी आए तथा व्यवसाय अधिक लाभकारी बन सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि संबंधित परिसर में आठ डबरियों और दो तालाबों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा कुकरेल क्षेत्र में भी लगभग 50 डबरियां बनाई गई हैं। मत्स्य पालन गतिविधियों के संचालन के लिए एबीसी के माध्यम से मछलियों का आवश्यक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।

विभागीय योजनाओं के तहत मत्स्य पालकों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और जरूरी सहयोग भी दिया जा रहा है। कलेक्टर ने उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और अधिक से अधिक किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को इस व्यवसाय से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन कृषि के साथ आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि मत्स्य पालकों को उत्पादन से लेकर मछली आहार की उपलब्धता और तकनीकी मार्गदर्शन तक सभी जरूरी सुविधाएं सुलभ कराई जाएं, ताकि जिले में मत्स्य पालन को संगठित एवं व्यावसायिक गतिविधि के रूप में विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story