सूरजपुर : जनगणना-2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा, 552 गांवों में हुआ मकान सूचीकरण

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 23 जून (हि.स.)।जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सूरजपुर जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। यह राष्ट्रीय महत्व का अभियान भविष्य की विकास योजनाओं और नीति निर्माण के लिए आधार तैयार करेगा।

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम चरण का फील्ड कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया गया। इस दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्रित की। जनसंख्या गणना का द्वितीय चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।

मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणकों ने भारत सरकार द्वारा निर्धारित 33 प्रश्नों के आधार पर प्रत्येक मकान एवं परिवार की जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की। इनमें आवासीय स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं एवं परिसंपत्तियों से जुड़े विवरण शामिल थे। संकलित समस्त जानकारी भारत सरकार के सर्वर पर सुरक्षित रखी गई है।

जिले में यह कार्य 9 तहसीलों के अंतर्गत 552 ग्रामों तथा 7 नगरीय निकायों में संपादित किया गया। इसके लिए 9 ग्रामीण चार्ज एवं 7 नगरीय चार्ज बनाए गए थे। कुल 1433 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए थे।

जनगणना कार्य के लिए जिले में कुल 1878 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें प्रमुख जनगणना अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, पर्यवेक्षक एवं 1550 प्रगणक शामिल रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां जनगणना अधिनियम-1948 एवं जनगणना नियमावली-1990 के तहत पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रेना जमील ने प्रथम चरण के सफल संचालन पर जिलेवासियों का आभार जताते हुए कहा कि फरवरी 2027 में होने वाले जनसंख्या गणना चरण में भी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story