(अपडेट) : कोरबा के वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री में कोल पिच में लगी आग पर काबू, तीन घंटे की मशक्कत के बाद टली बड़ी दुर्घटना

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) : कोरबा के वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री में कोल पिच में लगी आग पर काबू, तीन घंटे की मशक्कत के बाद टली बड़ी दुर्घटना


(अपडेट) : कोरबा के वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री में कोल पिच में लगी आग पर काबू, तीन घंटे की मशक्कत के बाद टली बड़ी दुर्घटना


कोरबा, 25 जुलाई (हि. स.)। जिले के औद्योगिक क्षेत्र खरमोरा स्थित वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री में कोल पिच में लगी भीषण आग पर जिला प्रशासन और अग्निशमन दल की संयुक्त कार्रवाई से सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया। करीब तीन घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:05 बजे खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री के कोल पिच में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कोरबा की टीम तत्काल दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सहायता के लिए जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों बालको, एचटीपीपी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह और एनटीपीसी के फायर कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही इन संस्थानों के दमकल वाहन और अग्निशमन दल घटनास्थल पर पहुंचे और संयुक्त रूप से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू किया।

अग्निशमन टीमों ने लगातार करीब तीन घंटे तक कड़ी मेहनत करते हुए आग को नियंत्रित किया। टीमों की तत्परता और बेहतर समन्वय के चलते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना टल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी घटना की पल-पल की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में आग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा है।

प्रशासन की तत्परता और अग्निशमन दल की प्रभावी कार्रवाई से समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story