गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिले में 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होंगे वित्तीय समावेशन शिविर

WhatsApp Channel Join Now

प्रधानमंत्री जनधन, जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा सहित अटल पेंशन योजना से पात्र हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग के निर्देशानुसार जिले में 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायस्तर पर वित्तीय समावेशन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं से वंचित नागरिकों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना तथा केंद्र सरकार की प्रमुख वित्तीय सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

जिला अग्रणी बैंक कार्यालय पेंड्रारोड द्वारा जारी पत्र के अनुसार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के परिवारों के जनधन खाते खोलने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही निष्क्रिय जनधन खातों को सक्रिय करने, आधार सीडिंग, लंबित केवाईसी एवं सी-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करने तथा बचत खातों में नामांकन संबंधी जानकारी अद्यतन करने की सुविधा प्रदान की जाएगी।

शिविरों में नागरिकों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं के लाभ, बैंकिंग सुविधाओं एवं डिजिटल लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्र को कम से कम एक शिविर से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिला अग्रणी बैंक कार्यालय ने सभी बैंक शाखाओं को बैंक मित्रों तथा संबंधित ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। जिले के नागरिकों से इन शिविरों में पहुंचकर बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760621 Articles

Share this story