भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी


रायपुर/जशपुर, 19 नवंबर (हि. स.)। वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने आज गुरुवार को जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि, भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता एवं स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। जनजातीय समाज को संगठित कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका संपूर्ण जीवन साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम की अनुपम मिसाल है।

चौधरी ने कहा कि, भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, एकता और अधिकारों के प्रति चेतना जागृत करने के साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा समाज को संगठित और सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक अस्मिता और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि, भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, कृष्णा राय, भरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779549 Articles

Share this story