जांजगीर-चांपा: बाराती विवाद में मारपीट, मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: बाराती विवाद में मारपीट, मुलमुला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 19 अप्रैल (हि. स.)। जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौना में बारात के दौरान बाजा बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में मारपीट की स्थिति बन गई, जिसमें कई बाराती घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवराज बरेठ, निवासी ग्राम खोखरा, ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 16 अप्रैल 2026 को बारात में शामिल होकर ग्राम पौना पहुंचे थे। बारात के दौरान स्कूल पारा के पास बाराती बाजा बजाकर नाच-गाना कर रहे थे, तभी ग्राम पौना के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौच और फिर मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि, हमलावरों ने बारातियों के साथ लाठी-डंडों से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव सहित अन्य लोगों को भी पीटा गया। इस दौरान प्रार्थी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह गिर पड़ा। वहीं धनंजय यादव के आंख में गंभीर चोट आई, जिनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया।

घटना की सूचना पर थाना मुलमुला पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज रविवार को चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में नरेन्द्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष), सरोज कश्यप (20 वर्ष), विमल कश्यप (22 वर्ष) और संजय कश्यप (27 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी ग्राम पौना, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय (थाना प्रभारी मुलमुला), सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलवीर सिंह राज, राजमणि द्विवेदी तथा आरक्षक मनभावन पटेल एवं भूपेंद्र कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story