बिजली के दाम पांचवीं बार बढ़ाया जाना उपभोक्ताओं से बिल के नाम पर लूट - रेखचंद जैन

WhatsApp Channel Join Now
बिजली के दाम पांचवीं बार बढ़ाया जाना उपभोक्ताओं से बिल के नाम पर लूट - रेखचंद जैन


बीजापुर, 18 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश परआज गुरुवार को जगदलपुर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रेखचंद जैन ने बीजापुर जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली दामों में 30 से 50 पैसे और गैर-घरेलू में 20 से 40 पैसे की बढ़ोतरी किए जाने के फैसले का कांग्रेस विरोध करती है।

उन्होंने इसे जनता पर अत्याचार करार देते हुए कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। डबल इंजन की भाजपा सकार और बिजली विभाग उपभोक्ताओं को बिल के नाम पर लूटने में लगी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ महीनों से बिजली बिल तीन से चार गुना तक आ रहे हैं।

उन्होंने भाजपा के डबल इंजन की सरकार पर आरोप लगाया कि पहले से ही बेहद महंगे बिजली बिलों से परेशान जनता को राहत देने के बजाय सरकार लगातार बोझ बढ़ा रही है। इस बार कृषि पंपों की बिजली में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। हाल ही में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार भी बढ़ाया गया था।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता रेखचंद जैन ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 5 वर्षों में बिजली दरों में महज 2 पैसे की बढ़ोतरी की थी और उसमें भी 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा करने की योजना लागू थी। वहीं भाजपा सरकार ने 400 यूनिट तक की आधी बिल योजना बंद करने के बाद पांचवीं बार दाम बढ़ाए हैं। एक ही महीने में उपभोक्ताओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन अलग-अलग बिल भेजे जा रहे हैं। अनुबंध भार क्षमता बिना उपभोक्ता की सहमति के बढ़ाया जा रहा है। उन्हाेने कहा कि स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दिखा रहे हैं और सामान्य मीटर की तुलना में बहुत तेजी से चल रहे हैं। जून माह में 45 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के बिल औसतन तीन गुना आ गए हैं, जिससे जनता बेहद परेशान है।

रेखचंद जैन ने उत्तर प्रदेश सरकार का उदाहरण देते हुए भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार से मांग की कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने स्वयं स्मार्ट मीटर वापस लेने का फैसला किया है। इसलिए छत्तीसगढ़ सरकार को भी जनहित में स्मार्ट मीटर वापस लेना चाहिए। उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि सरकार 24 घंटे बिजली देने में पूरी तरह नाकाम है, फिर भी अनाप-शनाप बिल भेज रही है। जनता बिजली कटौती और महंगे बिल दोनों से त्रस्त है। इसके साथ ही रेखचंद जैन ने इसे लेकर सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करने की बात कही है, प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story