चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से प्रभावित धान की फसलों का मैदानी निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से प्रभावित धान की फसलों का मैदानी निरीक्षण


जांजगीर-चांपा, 21 नवंबर (हि. स.)। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से जिले में धान की फसलों को हुए संभावित नुकसान के आकलन के लिए जिला प्रशासन द्वारा मैदानी स्तर पर शनिवार को निरीक्षण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने तथा फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), तहसीलदारों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर फसलों की स्थिति का जायजा लेने तथा किसानों से संवाद कर नुकसान की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें खेतों में धान की फसलों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान फसलों की स्थिति, बारिश एवं तेज हवाओं से हुए संभावित नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही किसानों एवं ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर प्रभावित फसलों एवं नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से जिले में 19 नवंबर को 7.4 मिलीमीटर तथा 20 नवंबर को 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। कलेक्टर द्वारा राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को फसल क्षति का सर्वेक्षण कर नुकसान पाए जाने पर पात्र किसानों को शीघ्र नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित एवं पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों तथा फसल बीमा योजना के अंतर्गत नियमानुसार सहायता एवं बीमा दावा राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।

कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। जिन किसानों की धान की फसल कट चुकी है, वे उसे तत्काल खेत से उठाकर ऊंचे एवं सूखे स्थान पर सुरक्षित रखें। बारिश से बचाव के लिए फसल को तिरपाल से अच्छी तरह ढंककर रखें, ताकि धान को नुकसान न पहुंचे।

बारिश से भीग चुकी धान की फसल को मौसम साफ होने पर धूप में फैलाकर अच्छी तरह सुखाएं, जिससे फसल में नमी कम हो और फफूंदी लगने तथा गुणवत्ता खराब होने की संभावना को कम किया जा सके।

फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को दें सूचना

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिन किसानों ने अपनी धान की फसल का बीमा कराया है तथा कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल को बेमौसम बारिश, चक्रवाती तूफान अथवा अन्य अधिसूचित प्राकृतिक आपदा से नुकसान हुआ है, वे नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी, कृषि विभाग अथवा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से फसल क्षति की सूचना अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।

किसान फसल बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके भी फसल नुकसान की सूचना दे सकते हैं। सूचना दर्ज कराते समय किसान अपना नाम, पॉलिसी नंबर, आधार नंबर, मोबाइल नंबर एवं ऋण पुस्तिका सहित आवश्यक जानकारी अपने पास रखें, ताकि फसल क्षति संबंधी शिकायत दर्ज कराने में सुविधा हो।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी धान की फसल को बेमौसम बारिश से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक उपाय करें तथा फसल बीमा से आच्छादित फसल को नुकसान होने की स्थिति में समय-सीमा के भीतर सूचना दर्ज कराएं, ताकि नियमानुसार फसल क्षति का आकलन एवं बीमा दावा संबंधी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story