बीजापुर में रक्षाबंधन बाजार में रौनक बढ़ी, अच्छी बिक्री की उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर में रक्षाबंधन बाजार में रौनक बढ़ी, अच्छी बिक्री की उम्मीद


बीजापुर, 27 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बीजापुर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व को लेकर राखी, मिठाई, कपड़े, उपहार और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की चहल-पहल देखने को मिल रही है। खासकर राखियों की दुकानों पर बहनों की भीड़ नजर आ रही है। बाजार में इस बार पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइन की राखियां उपलब्ध हैं, जिन्हें लोग अपनी पसंद के अनुसार खरीद रहे हैं।

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए बीजापुर के बाजार में राखियों के साथ-साथ मिठाई, कपड़े, कॉस्मेटिक सामान, गिफ्ट आइटम और पूजा सामग्री की बिक्री भी बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार रक्षाबंधन के दौरान भाई अपनी बहनों को उपहार देने के लिए कपड़े, घड़ियां, आभूषण, कॉस्मेटिक उत्पाद और अन्य उपयोगी सामान खरीदते हैं। इसके चलते गिफ्ट दुकानों में भी ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। रक्षाबंधन के कारण बाजार में बढ़ी चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह है। राखी विक्रेताओं को पर्व के दौरान अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story