कोरबा : रबी सीजन में टोकन और QR कोड से मिलेगा खाद, नई डिजिटल व्यवस्था शुरू

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : रबी सीजन में टोकन और QR कोड से मिलेगा खाद, नई डिजिटल व्यवस्था शुरू


कोरबा : रबी सीजन में टोकन और QR कोड से मिलेगा खाद, नई डिजिटल व्यवस्था शुरू


कोरबा, 05 नवंबर (हि. स.)। रबी सीजन 2026-27 में किसानों को रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कोरबा जिले में नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की गई है। अब किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से खाद की प्री-बुकिंग कर ई-टोकन प्राप्त कर सकेंगे। खाद वितरण के दौरान दुकान पर टोकन का QR कोड स्कैन करने के बाद ही उर्वरक दिया जाएगा। इस व्यवस्था को 5 नवंबर से ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (FFS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से लागू किया गया है।

नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाना है। इसके साथ ही खाद की उपलब्धता और बिक्री पर भी डिजिटल माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

किसान आधार कार्ड या फार्मर आईडी की मदद से FFS मोबाइल ऐप पर लॉगिन कर खाद की बुकिंग कर सकते हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। बुकिंग के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर संबंधित खाद दुकान पर पहुंचकर टोकन का QR कोड स्कैन कराना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में QR कोड स्कैन नहीं कराने पर बुकिंग स्वतः निरस्त हो जाएगी। किसान कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी ई-टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

FFS सॉफ्टवेयर के जरिए यूरिया, डीएपी, एसएसपी, एमओपी और एनपीके सहित सभी प्रमुख उर्वरकों के स्टॉक, आपूर्ति, दैनिक बिक्री और शेष उपलब्धता का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे कृषि विभाग के अधिकारी खाद की मांग, आपूर्ति और वितरण की नियमित समीक्षा कर सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत गुरुवार को मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को ई-टोकन जारी किए गए। खाद प्राप्त करने वाले किसानों ने इस प्रक्रिया को सहज बताया है। व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए कृषि विभाग और सहकारी समितियों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे खाद की बुकिंग और खरीदी के लिए FFS ऐप का उपयोग करें। ऐप के माध्यम से टोकन बनाने में परेशानी होने पर किसान नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या सहकारी समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story