सूरजपुर : एसडीएम ने किया उर्वरक गोदाम का निरीक्षण, किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : एसडीएम ने किया उर्वरक गोदाम का निरीक्षण, किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध


सूरजपुर, 16 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम प्रतापपुर ललिता भगत ने राज्य विपणन संघ के डबल लॉक उर्वरक गोदाम, प्रतापपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग, उर्वरक निरीक्षक, खाद्य विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम भी उपस्थित रही।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में उपलब्ध उर्वरकों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में गोदाम में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध पाए गए। अधिकारियों ने गोदाम में रखे उर्वरकों की मात्रा एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया।

भौतिक सत्यापन के दौरान गोदाम में यूरिया की 4 हजार बोरी, इफ्को डीएपी की 1 हजार 140 बोरी, आईपीएल डीएपी की 496 बोरी तथा पोटाश की 2 हजार 100 बोरी उपलब्ध पाई गई। अधिकारियों ने उपलब्ध स्टॉक की जानकारी लेते हुए वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की।

एसडीएम ललिता भगत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दरों पर समय पर उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की जरूरतों को लेकर पूरी तरह सजग है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध हों। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न आए, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

जिला प्रशासन द्वारा उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके और खेती-किसानी का कार्य सुचारु रूप से संचालित हो।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story