जांजगीर-चांपा में महिला पीएसआई ने बुजुर्ग महिला को सुरक्षित सड़क पार कराया

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में महिला पीएसआई ने बुजुर्ग महिला को सुरक्षित सड़क पार कराया


जांजगीर-चांपा, 26 जून (हि. स.)। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता कर मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करना है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक (पीएसआई ) रुकसाना बानो ने अपनी संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा से लोगों का दिल जीत लिया।

जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 की रात करीब 8 बजे प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो चांपा टाउन क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान बैरियर चौक के पास उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो सड़क पर भारी यातायात और शारीरिक कमजोरी के कारण सड़क पार करने में असमर्थ थी।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए महिला अधिकारी तुरंत बुजुर्ग महिला के पास पहुंचीं। उन्होंने महिला का हाथ थामा और पूरी सावधानी के साथ उन्हें सुरक्षित सड़क पार कराया। पुलिस अधिकारी की इस मानवीय पहल से बुजुर्ग महिला ने राहत की सांस ली और उनका आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने यह साबित किया कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है। प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो की इस संवेदनशील कार्यशैली की स्थानीय नागरिकों ने भी जमकर सराहना की।

जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि पुलिस विभाग जनसेवा, सुरक्षा और मानवीय मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रुकसाना बानो द्वारा किया गया यह कार्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story