पिता ने पुत्र की टांगिया से हमला कर की हत्या , आराेपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पिता ने पुत्र की टांगिया से हमला कर की हत्या , आराेपित गिरफ्तार


सुकमा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के कुम्हरास में शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान पिता ने अपने ही पुत्र पर टांगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद सूचना पर पुलिस देर रात कुम्हरास मौके पर पहुंची और आरोपित पिता को हिरासत में लिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे कुम्हरास निवासी वेट्टी लक्ष्मण, पिता वेट्टी हड़मा शराब के नशे में घर के पास बैठा था। इसी दौरान उसका पिता जंगल से लकड़ी काटकर घर लौटा। पुत्र के नशे में होने और विवाद करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पिता ने पास रखी टांगिया से अपने ही पुत्र लक्ष्मण पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी। रविवार रात भी शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने अपने ही पुत्र पर टांगिया से हमला कर दिया। परिवार में पहले ही बीमारी के चलते एक पुत्र की मौत हो चुकी है, जबकि पुत्री की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story