जांजगीर-चांपा में दर्दनाक घटना: पिता और दो मासूम बच्चों के शव घर में मिले, पुलिस कर रही जांच

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में दर्दनाक घटना: पिता और दो मासूम बच्चों के शव घर में मिले, पुलिस कर रही जांच


जांजगीर-चांपा, 17 जून (हि. स.)। जिले के नैला चौकी क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी में बुधवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई। एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। उसके साथ उसके दो बच्चों के शव भी घर के भीतर पाए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रमेश कुमार पटेल का करीब एक सप्ताह पहले अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अकेला अपने घर वापस आ गया था।

बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने के लिए ग्राम कटनाई गए हुए थे। इसी दौरान करीब 11:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र और दोनों नाती घर के अंदर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचे तो रमेश कुमार पटेल और दोनों बच्चों को मृत पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी संभावित पहलुओं पर जांच करने के निर्देश दिए।

मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसके बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story