बलरामपुर : प्राकृतिक आपदाओं से फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। मंगलवार को जिला प्रशासन ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में खरीफ मौसम 2026 के लिए जिलेभर में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी फसलों का समय पर बीमा कराकर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले आर्थिक नुकसान से बच सकें।

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ मौसम 2026 के लिए जिले में उड़द, मूंग, मूंगफली, कोदो, कुटकी, मक्का, धान (सिंचित एवं असिंचित), अरहर (तुअर) और रागी को अधिसूचित फसलों में शामिल किया गया है। अधिसूचित क्षेत्रों में इन फसलों की खेती करने वाले सभी पात्र किसान योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

किसान अपने निकटतम राष्ट्रीयकृत बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, जिला सहकारी बैंक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं। योजना के तहत कम प्रीमियम पर व्यापक बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे सूखा, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, प्रतिकूल मौसम, स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं और फसल कटाई के बाद होने वाली क्षति की स्थिति में आर्थिक सहायता मिलती है।

गैर-ऋणी किसानों को आवेदन के साथ आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज, बैंक पासबुक की प्रति, फसल बोआई प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। वहीं ऋणी किसानों के लिए योजना के निर्धारित प्रावधान लागू रहेंगे। किसानों की सुविधा और शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 14447 भी जारी किया गया है।

कलेक्टर ने जिले के किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र किसानों को इससे जोड़ा जाए, ताकि कोई भी किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story