होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, 28 फरवरी को मिलेगी आदान सहायता राशि

WhatsApp Channel Join Now
होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, 28 फरवरी को मिलेगी आदान सहायता राशि


जांजगीर-चांपा, 27 फरवरी (हि. स.)। होली पर्व से पहले किसानों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 28 फरवरी को आयोजित राज्य स्तरीय धान बोनस वितरण कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री किसानों से वर्चुअल माध्यम से संवाद भी करेंगे।

उप संचालक कृषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के 1 लाख 18 हजार 927 किसानों को कुल 450 करोड़ 85 लाख 45 हजार 132 रुपये की आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे जिले के किसानों को आगामी कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल मिलेगा।

योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवागढ़ विकासखंड का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन, जांजगीर में सुबह 11 बजे से होगा। वहीं बम्हनीडीह में जनपद पंचायत सभागार, पामगढ़ में सद्भावना भवन, अकलतरा में जनपद पंचायत सभागार और बलौदा में जनपद पंचायत परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली यह सहायता राशि किसानों के लिए होली से पहले बड़ी राहत मानी जा रही है, जिससे उन्हें कृषि आदान सामग्री की व्यवस्था करने में सुविधा होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story