खोखरा धान खरीद केंद्र के गेट पर किसानों का धरना, सत्यापन के बाद भी खरीद नहीं होने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
खोखरा धान खरीद केंद्र के गेट पर किसानों का धरना, सत्यापन के बाद भी खरीद नहीं होने का आरोप


जांजगीर-चांपा, 05 फरवरी (हि. स.)। जिले के खोखरा धान खरीद केंद्र में धान खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने आज गुरुवार को केंद्र के मुख्य गेट के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। खोखरा और धाराशिव क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान धरने पर बैठकर तत्काल धान खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

धरने पर बैठे किसानों का आरोप है कि उनका धान पहले ही सत्यापित किया जा चुका है, इसके बावजूद खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही है। किसानों ने बताया कि शासन की ओर से धान विक्रय के लिए उन्हें केवल दो दिनों का समय दिया गया है, लेकिन केंद्र में अव्यवस्था और लापरवाही के कारण उनका धान नहीं लिया जा रहा। इससे किसानों में भारी रोष है।

किसानों का कहना है कि वे पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और यदि धान की बिक्री नहीं हुई तो उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो जाएगी। कई किसानों ने बताया कि समय पर धान नहीं बिकने से घर-परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है।

धरने पर बैठे किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनने नहीं आया है। अधिकारियों की उदासीनता के कारण किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही धान खरीद शुरू नहीं की गई और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। फिलहाल धान खरीदी केंद्र पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story