सहकार से सरोकार: वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं कृषक संगोष्ठी का हुआ आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सहकार से सरोकार: वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं कृषक संगोष्ठी का हुआ आयोजन


जगदलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर द्वारा सहकारी सप्ताह के अंतर्गत आज शुक्रवार काे “सहकार से सरोकार : स्वच्छ गांव, समृद्ध पर्यावरण” थीम पर बाबुसेमरा, माड़पाल एवं करपावण्ड में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप संपन्न इस आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता जागरूकता और किसान हितों को एक साथ जोड़ते हुए सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। इस दौरान उन्होंने किसानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के निर्वहन का भी सशक्त मंच बन चुकी है।

आयोजित कृषक संगोष्ठी में किसानों को सहकारी योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड , ऋण सुविधा, खाद-बीज वितरण तथा अन्य किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर किसानों को कृषि क्षेत्र में सहकारिता की भूमिका एवं उससे मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों के साथ पौधारोपण किया गया तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण और स्वच्छ ग्राम निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छता अभियान के माध्यम से गांवों में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संतुलन की दिशा में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सहकारिता प्रकोष्ठ से रंजीत पाण्डेय, जिला संयोजक मनोहर दत्त तिवारी, सह संयोजक संतोष नाग, सहकारिता विभाग से उप आयुक्त एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएँ जिला बस्तर, के.एन. पाण्डेय, अध्यक्ष आदर्श सहकारी मुद्रणालय तथा छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ, जनपद अध्यक्ष, सरपंच, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, किसान विजय भारत, शिव सहित क्षेत्र के अन्य किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित. के अतिरिक्त प्रबंधक एसए. रज़ा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों को इससे जोड़ने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story