कोरबा में कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता, कृषक उन्नति योजना से बढ़ा भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता, कृषक उन्नति योजना से बढ़ा भरोसा


कोरबा में कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता, कृषक उन्नति योजना से बढ़ा भरोसा


कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए कृषक उन्नति योजना के तहत 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस फैसले से कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी आर्थिक राहत मिलेगी।

निर्धारित सीमा और किसान द्वारा बेचे गए धान की मात्रा के अंतर के आधार पर सहायता की गणना की जाएगी। इसके तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये तक की आदान सहायता मिलेगी। यह राशि धान विक्रय के भुगतान के साथ किसानों के बैंक खाते में दी जाएगी।

कोरबा जिले में धान खरीदी के पहले दिन किसानों में इस निर्णय को लेकर उत्साह देखने को मिला। कटघोरा विकासखंड के ग्राम नवापारा की महिला किसान दयामती केला ने अपने पुत्र अश्वनी केला के साथ कटघोरा उपार्जन केंद्र में 36 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा नहीं होने के कारण खेती पूरी तरह बारिश पर निर्भर है। ऐसे में फसल का उत्पादन प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि अब खरीदी केंद्रों में सुविधाएं बेहतर हुई हैं और कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता मिलने से बड़ी राहत मिलेगी।

इसी तरह ग्राम डोड़कीधरी के किसान राजाराम ने पहले दिन 12 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने मोटा धान लगाया था। कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने का निर्णय उनके जैसे किसानों के लिए भरोसा बढ़ाने वाला है।

ग्राम पोलमी के किसान संतोष साहू ने 51.60 क्विंटल और ग्राम बुढ़ापारा के किसान राजेंद्र कुमार यादव ने 15.20 क्विंटल धान बेचा। वहीं किसान विजय सिंह कंवर ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसान हितैषी योजनाओं से खेती-किसानी को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

सरकार के इस निर्णय से उन किसानों को विशेष लाभ मिलेगा, जिनकी फसल सिंचाई की कमी, कम बारिश या अन्य कारणों से निर्धारित उत्पादन सीमा तक नहीं पहुंच पाती। समय पर धान का भुगतान और आदान सहायता मिलने से किसानों को आगामी फसल की तैयारी और खेती के जरूरी खर्चों में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777480 Articles

Share this story