कवर्धा में किसानों का मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी, एनएच किया जाम

WhatsApp Channel Join Now

कवर्धा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आज शुक्रवार काे भी प्रदर्शन जारी है। बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ कबीरधाम पहुंचे और रायपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया है। शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर वाहन खड़े किए जाने से आवागमन बाधित हो गया है, केवल एम्बुलेंस को आने-जाने दिया जा रहा है। गुरवार से किसान अपनी मांगों पर डटे हुए हैं। इसके कारण स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी गई है।

किसानों के प्रदर्शन पर प्रशासन नजरें बनाए हुए है। गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने प्रदर्शनस्थल पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की थी, लेकिन यह बेनतीजा रही। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

किसानों की प्रमुख मांगों में जिले के दोनों शक्कर कारखानों में गन्ना उत्पादन बढ़ाना, गन्ने के बोनस में 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी, सुतियापाट जलाशय का विस्तार, बिजली बिल कम करना और पूर्व सरकार के धान बोनस की राशि जारी करना सहित 23 मांगें शामिल हैं।

किसानों का कहना है कि जब तक प्रशासन और सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल कवर्धा के पांचों प्रवेश द्वारों रायपुर जबलपुर मार्ग कवर्धा राजनांदगांव मार्ग कवर्धा बिलासपुर मार्ग में जाम की स्थिति बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story