अंबिकापुर: पारदर्शी धान खरीद से खुश किसान, मनोज राजवाड़े ने व्यवस्था को बताया किसान हितैषी

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर: पारदर्शी धान खरीद से खुश किसान, मनोज राजवाड़े ने व्यवस्था को बताया किसान हितैषी


अंबिकापुर, 03 जनवरी (हि.स.)। सरगुजा जिले के धान उपार्जन केंद्रों में लागू पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय में बड़ी सुविधा मिल रही है। अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत श्रीगढ़ के लघु वर्ग के किसान मनोज राजवाड़े ने बताया कि इस वर्ष अच्छी बारिश होने के कारण धान की उपज बेहतर हुई है।

श्री राजवाड़े ने बताया कि वे करीब साढ़े 4 एकड़ में धान की खेती करते हैं, जिसमें उनका कुल 86.20 क्विंटल धान का रकबा है। उन्होंने समिति के माध्यम से धान विक्रय हेतु टोकन कटवाया, जिसमें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि टोकन व्यवस्था पूरी तरह सरल और किसान हितैषी है।

उन्होंने बताया कि खैरबार धान उपार्जन केंद्र पहुंचते ही गेट पास की प्रक्रिया, नमी परीक्षण और तत्काल बारदाना उपलब्ध करा दिया गया, जिससे धान विक्रय में किसी तरह की दिक्कत नहीं आई। समिति केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिससे प्रतीक्षा के दौरान किसानों को राहत मिलती है।

मनोज राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार में धान का सर्वाधिक मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक की खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि धान के साथ-साथ गेहूं, तिलहन और सब्जी जैसी अन्य फसलों की खेती से भी अच्छी आमदनी हो रही है। उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story