किसानों को खाद-बीज की नहीं होगी कमी, पिछले साल से 572 मीट्रिक टन अधिक वितरण
धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)।खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद-बीज की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि खरीफ वर्ष 2026 में अब तक 24 हजार 284.72 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 572 मीट्रिक टन अधिक है। जिले में खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और कहीं से भी कमी की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सेवा सेतु, एग्रीस्टेक, स्वास्थ्य, शिक्षा, निर्माण कार्यों और विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा एग्रीस्टेक के लंबित प्रकरण अगले दो दिनों में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने, धान उठाव में तेजी लाने, सहकारी समितियों के संचालन, बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार तथा कस्टम हायरिंग सेंटरों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में रेत के अवैध उत्खनन पर सख्ती बरतने, स्वास्थ्य संस्थाओं का नियमित निरीक्षण, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, स्कूलों में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन, पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं सरस्वती साइकिल योजना की समीक्षा भी की गई। मानसून के दौरान व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने पर जोर देते हुए सभी विद्यालयों और शासकीय संस्थानों को उपलब्ध भूमि पर अधिक से अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में नव पदस्थ जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा और नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा का परिचय भी कराया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

