फसल बीमा पर किसानों का बढ़ा भरोसा, धमतरी में 80,920 किसानों ने कराया बीमा

WhatsApp Channel Join Now
फसल बीमा पर किसानों का बढ़ा भरोसा, धमतरी में 80,920 किसानों ने कराया बीमा


84,277 हेक्टेयर से अधिक रकबा बीमित, पिछले साल से 9,348 अधिक किसानों ने लिया सुरक्षा कवच

धमतरी, 21 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति धमतरी जिले के किसानों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। खरीफ 2026 में जिले के 80,920 किसानों ने 84,277.75 हेक्टेयर क्षेत्रफल का फसल बीमा कराया है। पिछले पांच वर्षों में यह सबसे अधिक संख्या है। खरीफ 2025 में 71,572 किसानों ने 75,977.28 हेक्टेयर क्षेत्रफल का बीमा कराया था। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 9,348 अधिक किसानों ने फसल बीमा का सुरक्षा कवच लिया है।

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में 68,425, वर्ष 2023 में 73,264, वर्ष 2024 में 72,081, वर्ष 2025 में 71,572 और खरीफ 2026 में 80,920 किसानों ने फसल बीमा कराया। आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष किसानों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्राकृतिक आपदाओं, अनियमित वर्षा, सूखा, अतिवृष्टि और अन्य मौसमीय जोखिमों से फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से योजना को जिले में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर किसानों को योजना की उपयोगिता, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

किसानों की सुविधा के लिए चॉइस सेंटर, एडीसीसी बैंक सहित अधिकृत संस्थानों के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसानों की मेहनत और फसलों की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच है, जो प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में राहत प्रदान करती है। उन्होंने रिकॉर्ड संख्या में किसानों के बीमा कराने को प्रशासन, कृषि विभाग और किसानों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया। जिले में बढ़ी हुई बीमा कवरेज किसानों में जोखिम प्रबंधन के प्रति बढ़ती जागरूकता और सुरक्षित कृषि की दिशा में बढ़ते कदम का संकेत है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story