धान बेचने के लिए इस बार किसानों को केवल 60 दिन ही मिलेंगे
जगदलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में इस बार किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए इस बार किसानों को केवल 60 दिन ही मिलेंगे। धान खरीद के लिए शासन ने इस बार 15 दिन की कटौती कर दी है। अब 15 नवंबर से 15 जनवरी तक ही समर्थन मूल्य पर धान खरीद होगी, जबकि पिछले साल 15 नवंबर से 31 जनवरी तक खरीद हुई थी।
हालांकि पंजीयन को लेकर किसानों को राहत दी गई है। नए किसानों को ही पंजीयन कराना होगा। पहले से पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका पिछले साल का डेटा अपडेट किया जाएगा। शासन ने धान खरीद की अवधि और पंजीयन को लेकर आदेश जारी कर दिया है। इसके बाद संबंधित विभागों ने धान खरीद की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के विपणन अधिकारी संत कुमार कन्नौजिया ने बताया कि इस वर्ष धान खरीद को लेकर जो नीति तैयार की गई है, उसके अनुसार धान खरीद 15 जनवरी तक होगी। आगे तारीख बढ़ेगी या नहीं, इसे लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बैंक ने भी जिले के खरीद केंद्रों के प्रभारियों को तैयारी के निर्देश दिए हैं।
उन्हाेने बताया कि जिन्होंने पिछले साल धान बेचने पंजीयन कराया था, उन्हें प्रक्रिया फिर नहीं करनी होगी। पुराना रिकॉर्ड अपडेट होगा। पहली बार धान बेचने वाले किसानों को नया पंजीयन कराना होगा। इससे पुराने किसानों को दस्तावेजों के साथ समितियों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। पिछले साल धान बेचने के लिए पंजीयन कराने वाले किसानों की संख्या 50273 थी। यह इस साल बढ़कर 50959 हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

