बलरामपुर : कुआं बनने से बदली किसान अरुण की खेती

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : कुआं बनने से बदली किसान अरुण की खेती


बलरामपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (वीबीजी रामजी) के तहत निजी भूमि पर बने कुएं ने राजपुर विकासखंड के ग्राम पतरापारा निवासी किसान अरुण की खेती की तस्वीर बदल दी है। अरुण सालभर खेती कर रहे हैं और सिंचाई की सुविधा मिलने से उनकी आय में भी कई गुना बढ़ोतरी हुई है।

वर्ष 2025-26 में अरुण को योजना के तहत निजी भूमि पर कुआं निर्माण की स्वीकृति मिली। कुआं बनने के बाद उनके खेत तक स्थायी सिंचाई सुविधा पहुंच गई। पहले वे बारिश पर निर्भर होकर केवल धान की एक फसल लेते थे, लेकिन अब धान के साथ गेहूं और बाड़ी में मौसमी सब्जियों की भी खेती कर रहे हैं।

अरुण बताते हैं कि समय पर सिंचाई मिलने से फसल उत्पादन बढ़ा है और सब्जियां बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी हो रही है। पहले उनकी वार्षिक आय करीब 45 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 1.50 लाख रुपये हो गई है। वहीं 6.5 एकड़ भूमि में सालभर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

अरुण का कहना है कि अब खेती के लिए बारिश की चिंता नहीं रहती। अपने ही कुएं के पानी से समय पर सिंचाई हो जाती है, जिससे उत्पादन और आमदनी दोनों बढ़ी हैं। उन्होंने योजना के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे किसानों को खेती के लिए स्थायी सिंचाई का भरोसा मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story