11 केवी लाइन की चपेट में आने से किसान घायल, ग्रामीणों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
11 केवी लाइन की चपेट में आने से किसान घायल, ग्रामीणों में आक्रोश


धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)। ग्राम पंचायत मुजगहन के वार्ड क्रमांक 01 (आबादी पारा) और बाईपास क्षेत्र के खेतों के ऊपर से लंबे समय से झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से सोमवार को किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि वे कृषि कार्य के लिए खेत गए थे, तभी झूलती बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार किसान नीलकंठ साहू आज सुबह खेती के कार्य के लिए घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। जनपद पंचायत सदस्य कीर्तन मीनपाल ने इसे विभागीय लापरवाही का परिणाम बताते हुए कहा कि ग्रामीणों की ओर से पूर्व में कई बार विद्युत विभाग और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आबादी एवं कृषि भूमि के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने या व्यवस्थित करने की मांग की गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।

सरपंच होमेश्वर साहू ने भी कहा कि ग्राम पंचायत लगातार इस गंभीर समस्या से विभाग को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराती रही, बावजूद इसके झूलती विद्युत लाइन को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसका खामियाजा आज एक किसान को भुगतना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी विभाग नहीं चेता तो भविष्य में इससे बड़ी जनहानि हो सकती है। जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल और सरपंच होमेश्वर साहू ने घायल किसान को बेहतर उपचार, आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन का तत्काल निरीक्षण कर उसे सुरक्षित ऊंचाई पर करने अथवा आबादी और कृषि भूमि से शीघ्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में झूलती विद्युत लाइनों का सर्वे कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग भी उठाई है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story