कृषक उन्नति योजना : धान के बदले अन्य फसल लेने पंजीकृत कृषकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

WhatsApp Channel Join Now

बलौदाबाजार, 27 सितम्बर (हि. स.) । राज्य सरकार द्वारा कृषि में पर्याप्त निवेश एवं कास्त लागत में राहत देने के लिए कृषक उन्नति योजना प्रारंभ की गई है।

साथ ही फसल विविधिकरण को प्रोत्साहन देने, दलहन तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा इनके उत्पादन में आत्म निर्भरता के लक्ष्य के साथ इस योजना के तहत् चिन्हित अन्य फसलों पर भी आदान सहायता राशि दिये जाने का निर्णय लिया गया है।

योजनान्तर्गत धान के स्थान पर अन्य खरीफ की फसल लेने वाले कृषकों को तथा पूर्व से ही खरीफ में दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास लेने वाले कृषकों को आदान सहायता राशि दिये जाने का निर्णय लिया गया है। विगत खरीफ में धान की फसल लेने वाले ऐसे कृक्षक, जिन्होनें आगामी खरीफ में धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल लेने हेतु एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराया हो, उन्हें राशि रू. 15000 प्रति एकड़ एवं पूर्व से ही खरीफ में दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की फसल लेने वाले कृषकों को 10000 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदाय की जाएगी।

कृषक उन्नति योजना का लाभ केवल उन्हीं कृषकों को मिलेगा जिन्होंने एकीकृत किसानों पोर्टल एवं एग्री स्टेक पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य रूप से कराया हो। विगत खरीफ मौसम में एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकृत ऐसे कृषक जिन्होंने धान फसल लगाये हो तथा गिरदावरी पूर्ण हो। जिनके द्वारा खरीफ मौसम में दलहन, तिलहन, मक्का लघु धान्य फसल (कोदो, कुटकी एवं रागी) व कपास फसल के लिए पंजीयन कराया गया हो। योजना के दिशा-निर्देशानुसार विधिक व्यक्तियों तथा ट्रस्ट, मण्डल,प्राईवेट लिमि., कम्पनी,शाला विकास समिति,केन्द्र एवं राज्य शासन के संस्थान, महाविद्यालय आदि संस्थाओं को योजना से लाभ लेने की पात्रता नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story