पारिवारिक विवाद में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आराेपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पारिवारिक विवाद में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आराेपित गिरफ्तार


नारायणपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले के थाना ओरछा क्षेत्र अंर्तगत ग्राम ताड़ोपाल में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला पर लकड़ी के डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल नारायणपुर में जारी है।

नारायणपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई गई, कि पारिवारिक विवाद के दौरान जगदेव वडड़े (30 वर्ष), निवासी ग्राम ताड़ोपाल, थाना ओरछा ने अपनी रिश्तेदार महिला पर लकड़ी के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपित पर महिला को जान से मारने की धमकी देने के बाद मौके से फरार होने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 69/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2) और 109 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपित की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी आरोपित के कब्जे से बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपित जगदेव वडड़े को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आज शुक्रवार काे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story