जांजगीर-चांपा : युवती की फोटो से बनाया फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी; आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : युवती की फोटो से बनाया फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, अश्लील वीडियो वायरल करने की दी धमकी; आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर चांपा, 28 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में युवती की फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने और एआई डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपित युवती को अश्लील मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। साथ ही उसके परिजनों को फोन कर धमकाने और घर व बाजार के आसपास पीछा करने की भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में नवागढ़ पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना नवागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है। आरोपित उसे लगातार अश्लील मैसेज भेज रहा था और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। इसके अलावा परिजनों को फोन कर धमकाने, गाली-गलौज करने और घर व बाजार के आसपास पीछा करने जैसी हरकतें भी कर रहा था।

आरोपित ने एआई और डीपफेक तकनीक के जरिए युवती की अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर 1000 फॉलोअर्स बढ़ाकर उसे बदनाम करने और उसके कार्यस्थल का पता निकालकर वहां पहुंचने की धमकी भी दी जा रही थी।

पीड़िता की शिकायत पर नवागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत धारा 351(2), 78(2), 79 बीएनएस एवं 66(C), 66(D), 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपित के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वह फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 28 नवंबर को घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा (25 वर्ष), निवासी सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story