धान की बाली की चोट से किसान की आंखों की रोशनी गई, कटाई-मिंजाई में सावधानी जरूरी
धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। धान कटाई और मिंजाई के दौरान बरती गई जरा सी लापरवाही किसानों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। खेतों में काम करते समय धान की बाली आंखों में लगने से चोट पहुंचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला मोंगरागहन गांव के 78 वर्षीय किसान शिवचरण मंडावी का है, जिनकी एक आंख पहले से खराब थी। दो दिन पहले धान कटाई के दौरान दूसरी आंख में धान की बाली लग गई। इसके बाद आंख से पानी आने लगा और धीरे-धीरे दिखाई देना बंद हो गया। बुधवार को वे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, जहां नेत्र रोग विशेषज्ञ ने जांच के बाद दवाइयां दीं। हालांकि आंख की रोशनी वापस आने की उम्मीद कम बताई जा रही है। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में धान कटाई और मिंजाई का काम तेजी से चल रहा है। इस दौरान धान की बाली आंख में लगने पर कई लोग अनजाने में आंख को रगड़ देते हैं, जिससे चोट और गंभीर हो सकती है।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि, कटाई-मिंजाई के दौरान आंखों में चोट लगने के कई मामले सामने आते हैं। किसानों को काम करते समय साधारण सुरक्षा चश्मा पहनना चाहिए। यदि धान की बाली आंख में लग जाए तो उसे बिल्कुल न रगड़ें और अपने मन से किसी भी प्रकार का आई ड्रॉप इस्तेमाल न करें। विशेषकर स्टेराइड युक्त आई ड्रॉप आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसी स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला अस्पताल पहुंचकर नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले कई वर्षों में ऐसे हादसों के कारण 14 लोगों की दोनों आंखों और 35 लोगों की एक आंख की रोशनी प्रभावित हो चुकी है। ऐसे में किसानों को धान कटाई और मिंजाई के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

