जांजगीर-चांपा: सीएससी सेंटर में डिटोनेटर फटने से विस्फोट, दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: सीएससी सेंटर में डिटोनेटर फटने से विस्फोट, दो आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 05 अप्रैल (हि. स.)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल में स्थित एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) में डिटोनेटर फटने से हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में कंप्यूटर, प्रिंटर, कुर्सी, टेबल सहित अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस के अनुसार, घटना 4 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:45 बजे की है। सीएससी सेंटर संचालक भूपेंद्र कुमार साहू ने दुकान से आवाज आने पर अंदर जाकर देखा तो धुआं भरा हुआ था और कुछ जलता हुआ दिखाई दे रहा था। जांच करने पर वह डिटोनेटर निकला, जिसे बाहर फेंकते ही जोरदार धमाका हो गया।

विस्फोट की चपेट में आने से दुकान में रखा कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही संचालक के पैर में भी चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस संबंध में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 115/2026 धारा 109(1), 324(4) बीएनएस एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story