खेतों के पानी से सोरिद वार्ड की गलियाें में भर रहा पानी, कई परिवारों की बढ़ी परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
खेतों के पानी से सोरिद वार्ड की गलियाें में भर रहा पानी, कई परिवारों की बढ़ी परेशानी


धमतरी, 12 मई (हि.स.)। सोरिद वार्ड स्थित काली मंदिर क्षेत्र में खेतों से बहकर आ रहे अतिरिक्त पानी ने कालोनीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगभग 30 परिवार लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। खेतों में लगाई गई रबी फसल के बाद निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से पानी सीधे वार्ड की गलियों और घरों के सामने तक पहुंच रहा है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और रोजमर्रा की जिंदगी कठिन बन गई है।

स्थानीय रहवासी एवन साहू, आरके साहू, संध्या रानी, मनोहर कोसरिया और सरफराज खान ने बताया कि खेतों से लगातार बहने वाले पानी के कारण गलियों में कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी रहती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं, वहीं बच्चों को खेलने और लोगों को घर से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रहवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित खेत मालिक से पानी की समुचित निकासी की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। मामले की शिकायत वार्ड पार्षद और नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन से भी की गई, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। वार्डवासियों ने नगर निगम से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके। वार्डवासी सुरेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि खेतों का पानी सीधे घरों तक पहुंच रहा है, जिससे हर दिन आने-जाने में दिक्कत होती है। उन्होंने स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण की मांग की।

आशीष मौर्य ने कहा कि, नगर निगम को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। कार्रवाई नहीं होने के कारण हर साल ऐसी स्थिति बन जाती है। सुनील कोसरिया ने बताया कि सालभर कॉलोनी में इसी तरह की समस्या बनी रहती है। यदि पानी निकासी के लिए नाली बना दी जाए तो लोगों को राहत मिल सकती है। वार्डवासी मोनिका कोसरिया ने कहा कि गली और सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है। हर दिन कीचड़ और पानी के कारण कपड़े खराब हो जाते हैं और काफी संभलकर चलना पड़ता है।

इस संबंध में वार्ड पार्षद कौशल्या देवांगन ने कहा वार्डवासियों से मिली शिकायत के संबंध में संबंधित व्यक्ति को समझाईश दी जाएगी। समस्या के निराकरण नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story