दीपका खदान में प्रदूषण पर पर्यावरण मंडल सख्त, एसईसीएल को सुधार के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
दीपका खदान में प्रदूषण पर पर्यावरण मंडल सख्त, एसईसीएल को सुधार के निर्देश


दीपका खदान में प्रदूषण पर पर्यावरण मंडल सख्त, एसईसीएल को सुधार के निर्देश


कोरबा, 07 मई (हि. स.)। दीपका क्षेत्र में कोयला उत्खनन और परिवहन से फैल रहे अत्यधिक प्रदूषण की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की क्षेत्रीय टीम ने आज गुरुवार को दीपका खदान और रेलवे साइडिंग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिस पर अधिकारियों ने एसईसीएल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और मीडिया के माध्यम से यह शिकायत सामने आ रही थी कि दीपका क्षेत्र में डस्ट कंट्रोल व्यवस्था पूरी तरह लचर बनी हुई है। पर्यावरण मंडल द्वारा करीब दो माह पूर्व भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना चौक से श्रमिक चौक तक सड़क का निरीक्षण किया गया, जहां भारी वाहनों के आवागमन के कारण धूल का गुबार लगातार उड़ता पाया गया। टीम ने कई स्प्रिंकलर खराब अवस्था में पाए, वहीं व्हील वाशिंग सिस्टम भी अनुपयोगी मिला। अधिकारियों ने ठेकेदारी प्रथा के तहत किए जा रहे खानापूर्ति वाले पानी छिड़काव पर नाराजगी जताते हुए प्रभावी तरीके से नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चैनपुर-गांधीनगर से सटी दीपका रेलवे साइडिंग में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। यहां कोयले को बिना गीला किए ही सूखा लोड किया जा रहा था, जिससे आसपास का पूरा क्षेत्र कोल डस्ट से प्रभावित पाया गया। पर्यावरण मंडल की टीम ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एसईसीएल प्रबंधन को एक माह के भीतर स्प्रेगन और आधुनिक स्प्रिंकलर सिस्टम स्थापित करने का अल्टीमेटम दिया है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद पर्यावरण विभाग के सांसद प्रतिनिधि शेत मसीह ने कहा कि दीपका क्षेत्र में कोयला परिवहन के कारण कोल डस्ट की ऐसी चादर बिछी रहती है, मानो पूरा शहर कोहरे से ढका हो। उन्होंने कहा कि यह आम जनता के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है और प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी, सांसद प्रतिनिधि शेत मसीह, एसईसीएल दीपका के पर्यावरण एवं सिविल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे। पर्यावरण मंडल ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं होने पर आगामी दिनों में एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story