निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद, जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल से बड़ा फैसला

WhatsApp Channel Join Now
निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद, जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल से बड़ा फैसला


निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद, जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल से बड़ा फैसला


जांजगीर-चांपा, 30 जून (हि. स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल पर निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय निर्माण कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा कराने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने इस दिशा में लगातार प्रयास किए। यातायात पुलिस ने पहले ही भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र भेजकर बलौदा थाना क्षेत्र से गुजर रहे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की थी।

यातायात पुलिस ने पत्र में स्पष्ट किया था कि निर्माणाधीन सड़क पर वाहनों की आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। पुलिस के पत्राचार के बाद परियोजना निदेशक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा–बलौदा, पंतोरा–बिलासपुर (उरगा–बिलासपुर) भारतमाला मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि मार्ग बंद होने से निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के सुरक्षित ढंग से पूरा किया जा सकेगा और दुर्घटनाओं की संभावना पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा। यह निर्णय आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का किसी भी परिस्थिति में उपयोग न करें। जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक केवल वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस ने यह भी बताया कि वर्तमान में निर्माणाधीन भारतमाला रोड पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी सर्विलांस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में इस मार्ग पर यात्रा करना खतरे से खाली नहीं है। पुलिस ने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story