झूलेलाल जन्मोत्सव पर सिंधी समाज में उमड़ा उत्साह, निकली भव्य बाइक रैली
धमतरी, 20 मार्च (हि.स.)। सिंधी समाज द्वारा पूज्य साई झूलेलाल का जन्मोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विधि-विधान के साथ आरती, पल्लव और अरदास का आयोजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर साई झूलेलाल के दर्शन करते रहे और समाज व देश की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक झूलेलाल टोपी पहनकर तथा महिलाएं सिर पर चुनरी ओढ़कर पूजा-अर्चना में शामिल हुईं। साई झूलेलाल को जल और ज्योत के देवता तथा वरुण देव का स्वरूप माना जाता है, इसलिए इस दिन विशेष पूजा का महत्व और भी बढ़ जाता है। पूजा-अर्चना के पश्चात झूलेलाल भवन में समाज के लिए नाश्ता एवं लंगर प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान समाजजनों के बीच आपसी भाईचारा और एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मंदिर परिसर से भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं सहित समाज के लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। उत्साह के साथ निकली यह रैली कोष्टापारा से प्रारंभ होकर बिलाईमाता, गणेश चौक, सदर बाजार, गोल बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमापारा स्थित पूज्य सिंधी धर्मशाला पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

