राज्योत्सव में उमड़ा उत्साह, अजय चंद्राकर ने किया स्टालों का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राज्योत्सव में उमड़ा उत्साह, अजय चंद्राकर ने किया स्टालों का निरीक्षण


धमतरी, 2 नवंबर (हि.स.)। जिलास्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम के तहत रविवार को मुख्य अतिथि कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने राज्योत्सव स्थल में विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदरचंद चोपड़ा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, वन मंडल अधिकारी श्रीकृष्ण जाधव सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं एवं नवाचारों की सराहना की। राज्योत्सव में इस वर्ष पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिवासी विकास, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, वाणिज्य एवं उद्योग, राजस्व, क्रेडा, विद्युत मंडल, पुलिस, परिवहन, जनसंपर्क, विधिक सेवा, खाद्य, कृषि, मछलीपालन, पशुधन विकास, उद्यान, गृह निर्माण मंडल, समाज कल्याण, श्रम, स्कूल शिक्षा, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास तथा वन विभाग की ओर से आकर्षक विकास प्रदर्शनी लगाई गई है।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। ग्रामीण विकास से लेकर नवीन तकनीकों तक, हर स्टाल पर राज्य की उपलब्धियां झलक रही हैं। आमजन और स्कूली छात्र बड़ी उत्सुकता के साथ स्टालों का अवलोकन कर रहे हैं।

राज्योत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हस्तशिल्प प्रदर्शन और स्थानीय उत्पादों की झलक ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवमय बना दिया है। आयोजन स्थल पर लाेगों की काफी भीड़ लगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story