सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पहली प्राथमिकता : भोजराज नाग

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पहली प्राथमिकता : भोजराज नाग


धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान की भावना को साकार करते हुए नगरी के श्री श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आठ अक्टूबर को जिला प्रशासन,समाज कल्याण और एनएसई फांउंडेशन जयपुर के तत्वावधान में जिला स्तरीय जनकल्याणकारी निदान थ्री शिविर का आयोजन हुआ।

शिविर के माध्यम से विभिन्न वर्गों के लोगों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन कल्याण तथा सामाजिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों को एक मंच पर लाया गया।

कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने की। विशिष्ट अतिथि प्रकाश बैस सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि सांसद भोजराज नाग ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ समय पर और सहज रूप से पहुंचे। राइसमिलर्स एसोसिएशन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराना सामाजिक सहभागिता की सराहनीय पहल है। इससे बच्चों को डिजिटल माध्यम से सीखने के नए अवसर मिलेंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इससे लोगों को अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को सामने रखने के साथ शासन की योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त होती हैं। दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण, महिलाओं एवं किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण वातावरण और नागरिकों के लिए स्वास्थ्य एवं शासकीय सेवाओं की उपलब्धता समग्र जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि नागरिकों को छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और अधिक से अधिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पात्र दिव्यांगजनों एवं ग्रामीणों के आधार, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य आवश्यक कार्य किए गए। दिव्यांगजनों को निश्शुल्क कृत्रिम उपकरण आदि से लाभान्वित किया गया। शिविर में 175 दिव्यांग आए। इस अवसर पर 16 दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, 13 व्हील चेयर ,27 श्रवण यंत्र , तीन बैसाखी, दो एल्बो क्रच , सात वाकिंग स्टिक, एक वाकर सहित अन्य सहायक उपकार वितरित किए गए। दिव्यांगों की स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। र्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, महिलाएं, किशोरियां, दिव्यांगजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने आभार प्रदर्शन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story