राजस्व पखवाड़ा में शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें : कलेक्टर
कोरबा, 08 अप्रैल (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज बुधवार को समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व पखवाड़ा के दौरान आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने तहसीलवार प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के शीघ्र और प्रभावी निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि अधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पटवारियों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के सहयोग से किसानों की जानकारी एग्रीस्टैक पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज कराई जाए, ताकि खाद वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
कलेक्टर ने राजस्व पखवाड़ा शिविरों का आकस्मिक निरीक्षण करने और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने मॉनीटरिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने और आवेदन प्राप्त नहीं करने वाले पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सात दिनों के भीतर आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, टीबी की पहचान के लिए एक्स-रे जांच बढ़ाने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मोबाइल मेडिकल यूनिट, नगरीय निकायों तथा सार्वजनिक उपक्रमों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। जनपद सीईओ को वल्नरेबल आबादी की पहचान कर टीबी जांच शिविर आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दो वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित कार्यों की स्थिति में नए प्रस्तावों की स्वीकृति नहीं दी जाएगी। साथ ही निर्माण पोर्टल में जानकारी अपलोड नहीं करने वाले विभागों को जियो-टैगिंग के साथ फोटो और विवरण तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बंद योजनाओं के खातों को बंद कर शेष राशि शासन खाते में जमा कराने, मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने, मातृ वंदना योजना के लक्ष्यों की पूर्ति, कर्मयोगी भारत प्रशिक्षण, अपार आईडी, रेडी-टू-ईट, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना, धरती आबा, पीएम जनमन योजना तथा आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जनगणना 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 15 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली स्वगणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने 1 से 30 मई तक होने वाले मकान सूचीकरण कार्य को गंभीरता से संचालित करने पर जोर दिया। इसके लिए बैनर, पोस्टर, जिंगल, कचरा संग्रहण वाहनों, शिक्षा विभाग, नगरीय निकायों, जनपदों और सार्वजनिक उपक्रमों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त आशुतोष पांडेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

