जिलेभर में मनाया जाएगा रोजगार एवं आवास दिवस

WhatsApp Channel Join Now
जिलेभर में मनाया जाएगा रोजगार एवं आवास दिवस


ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने विशेष अभियान, आवास, मनरेगा और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस

धमतरी, 06 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशानुसार जिले में सात जुलाई को ‘रोजगार एवं आवास दिवस’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा हितग्राहीपरक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

जिला पंचायत ने धमतरी, कुरुद, मगरलोड और नगरी जनपद पंचायत के अधिकारियों को सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूरा कराने, स्वीकृत लेकिन लंबित प्रथम किस्त वाले हितग्राहियों को राशि जारी करने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही ‘डीलर दीदी’ पहल के माध्यम से नई महिला उद्यमियों को भवन निर्माण सामग्री की आपूर्ति से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और ‘लखपति दीदी’ बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को मांग आधारित रोजगार उपलब्ध कराने, अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने, श्रमिकों का ई-केवाईसी अभियान पूर्ण कराने तथा लंबित जियो टैगिंग को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

रोजगार एवं आवास दिवस के दौरान योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल माध्यम से जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा शिविरों में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला पंचायत के सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि रोजगार एवं आवास दिवस का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, मनरेगा के अपूर्ण कार्यों की पूर्णता, श्रमिकों का ई-केवाईसी और जियो टैगिंग समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘डीलर दीदी’ पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को भी गति दी जाएगी। जिला पंचायत ने सभी अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण नागरिकों से रोजगार एवं आवास दिवस में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story