आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था, कांग्रेस ने देश को तानाशाही की ओर धकेला : अनुज शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था, कांग्रेस ने देश को तानाशाही की ओर धकेला : अनुज शर्मा


कोरबा, 24 जून (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा आज बुधवार काे तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में धरसींवा विधायक एवं भाजपा नेता अनुज शर्मा ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश ने तानाशाही, दमन और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का दौर देखा।

अनुज शर्मा ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत आपातकाल लागू किया गया था। इसके बाद नागरिक अधिकारों को सीमित कर दिया गया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका कमजोर कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा इंदिरा गांधी के निर्वाचन को अवैध घोषित किए जाने के बाद सत्ता बचाने के उद्देश्य से आपातकाल लगाया गया।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मोरारजी देसाई और जॉर्ज फर्नांडिस सहित हजारों विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों को गिरफ्तार कर जेलों में बंद कर दिया गया। उनके अनुसार स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्राप्त लोकतंत्र को एक झटके में कमजोर करने का प्रयास किया गया।

अभिव्यक्ति की आजादी पर सबसे बड़ा प्रहार

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सबसे बड़ा हमला हुआ। समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू की गई, कई अखबारों की बिजली काट दी गई और पत्रकारों को जेल भेजा गया। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में समाचार पत्रों को जब्त किया गया तथा कई पत्रकारों को मीसा कानून के तहत गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को आपातकाल की वास्तविक घटनाओं से अवगत कराना जरूरी है, ताकि भविष्य में लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान पर किसी प्रकार का आघात न हो। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा और संविधान के प्रति जनजागरण का अभियान लगातार चला रही है।

इस माैके पर महापौर संजूदेवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, जिला सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, जिला सह संयोजक सोशल मीडिया नीरज ठाकुर, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, राकेश नागरमल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

---------------हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story