सूरजपुर : दंतैल हाथी के हमले से युवक की मौत, भड़के ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : दंतैल हाथी के हमले से युवक की मौत, भड़के ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख किया चक्काजाम


सूरजपुर : दंतैल हाथी के हमले से युवक की मौत, भड़के ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख किया चक्काजाम


सूरजपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर-सरगुजा सीमा पर स्थित ग्राम कोटबहरा में बुधवार की रात एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जहाँ एक दंतैल हाथी ने काम से घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक केशव को अपनी सूंड से पटकने के बाद पैरों तले कुचलकर मार डाला। अंधेरे का फायदा उठाकर अचानक सामने आए हाथी से बचने के लिए केशव ने दौड़ भी लगाई, लेकिन गजराज के गुस्से के आगे उसकी जान नहीं बच सकी।

इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को मौके पर बुलाने और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और एसडीओपी अभिषेक पैकरा दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की।

करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को तात्कालिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपये नकद और 15 दिनों के भीतर 6 लाख रुपये की सरकारी मुआवजा राशि दिलाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही मृतक की पत्नी को वन विकास समिति में 6 हजार रुपये मासिक मानदेय पर नौकरी देने और बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी शासन द्वारा उठाने के वादे के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

वन विभाग ने स्वीकार किया कि प्रतापपुर इलाके में विचरण कर रहे सात हाथियों के दल में से एक हाथी भटक कर कोटबहरा पहुँचा था, जिसकी सटीक निगरानी न हो पाने के कारण ग्रामीणों को समय पर अलर्ट नहीं मिल सका। वर्तमान में हाथियों का दल खड़गवां के रमेश्वरपुर में फसलों को भारी नुकसान पहुँचा रहा है, जिससे महुआ बीनने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story