कोरबा : जंगल गए ग्रामीण पर दंतैल का हमला, सूंड से पटककर ली जान

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : जंगल गए ग्रामीण पर दंतैल का हमला, सूंड से पटककर ली जान


कोरबा, 01 अगस्त (हि. स.)। जिले में हाथी-मानव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार तड़के कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत बड़मार परिसर में एक दंतैल हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसे सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार बड़मार गांव निवासी जागेश्वर राठिया (53 वर्ष) शनिवार सुबह लगभग 5 बजे दिशा-मैदान के लिए डीएवी स्कूल के पास स्थित जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक आक्रामक दंतैल हाथी से हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने जागेश्वर को देखते ही उन पर हमला कर दिया। वे संभल पाते, इससे पहले हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना को जंगल की ओर गए अन्य ग्रामीणों ने देखा और तत्काल मृतक के परिजनों के साथ-साथ वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर अक्ष पलक ऋषि, डिप्टी रेंजर पीतांबर कंवर एवं वन अमला मौके पर पहुंचा। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

वन विभाग ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथी की मौजूदगी को देखते हुए जंगल और आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सतर्क रहें।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह दंतैल हाथी कुदमुरा क्षेत्र से बड़मार की ओर पहुंचा है और पिछले कुछ दिनों से काफी आक्रामक व्यवहार कर रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले हाथी चोरभट्ठी-पंडरपानी क्षेत्र में विचरण कर रहा था, लेकिन शुक्रवार रात अचानक बड़मार क्षेत्र में पहुंच गया। इसकी समय पर जानकारी ग्रामीणों तक नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते लोग सामान्य रूप से जंगल की ओर आते-जाते रहे और यह दुखद हादसा हो गया।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story