रायपुर में करंट की चपेट में आने से एक महिला और उसके बेटे की मौत
रायपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर टिकरापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार दोपहर कूलर से जीआई पाइप (लोहे के तार/पाइप) में उतरे करंट की चपेट में आने से एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कल्याणी बाई यादव (54 वर्ष) और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला सूखने के लिए टंगे कपड़े निकालने गई थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। अपनी मां को करंट से चिपका देख उसे बचाने के लिए पहुंचा 23 वर्षीय बेटा भी करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे के साथ बेटी से मिलने छत्तीसगढ़ नगर आई थी। मृतका मूल रूप से धरसींवा के कूंरा गांव की रहने वाली थी, जहां उनका परिवार कृषि कार्य करता है।
पुलिस के अनुसार, महिला की बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। महिला अपनी बेटी से मिलने के लिए यहां आई हुई थी। शुक्रवार दोपहर वह कपड़े निकालने के लिए बालकनी में गई थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। मां को करंट से चिपका देख उनका बेटा उन्हें बचाने के लिए पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत छत्तीसगढ़ नगर स्थित घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और वैधानिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के सटीक कारणों की तकनीकी पुष्टि हो सके।
शुरुआती जांच और मौके के निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों ने बयान दिया कि घर के भीतर चल रहे कूलर की बॉडी से शॉर्ट सर्किट हुआ था। कूलर का सीधा संपर्क बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए बंधे लोहे के (जीआई) पाइप और तारों से था, जिससे पूरी बालकनी में हाई-वोल्टेज करंट फैल गया। पुलिस के मुताबिक, महिला कपड़े निकालने गई थी और करंट की चपेट में आ गई। मां को तड़पता देख उसे बचाने की कोशिश में बेटा भी करंट की जद में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

