विद्युत उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवाओं और क्षतिपूर्ति के प्रावधानों की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवाओं और क्षतिपूर्ति के प्रावधानों की दी जानकारी


विद्युत उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवाओं और क्षतिपूर्ति के प्रावधानों की दी जानकारी


छाती में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला आयोजित, समय पर बिजली बिल भुगतान करने की अपील

धमतरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। विद्युत उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, विभागीय सेवाओं और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को विद्युत वितरण केंद्र छाती में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम रायपुर ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में फोरम के अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित शहरी एवं ग्रामीण विद्युत उपभोक्ताओं के साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बिजली से संबंधित विभिन्न सेवाओं, उपभोक्ता अधिकारों तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

खंडेलवाल ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को विभिन्न सेवाएं प्रदान करने के लिए निर्धारित समय-सीमा तय की गई है। इन सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन होने पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिए जाने का भी प्रावधान है। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि वे विद्युत सेवाओं से संबंधित नियमों और अपने अधिकारों की जानकारी रखें, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर उसका समाधान प्राप्त कर सकें। कार्यशाला में बिजली बिल के नियमित भुगतान के महत्व पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और शासन की बिजली संबंधी योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ने से विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा विभाग और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। कार्यशाला में धमतरी जोन के संभागीय कार्यालय के कार्यपालन अभियंता अनिल प्रसाद सोनी सहित ग्रामीण एवं अर्जुनी उपसंभाग के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story