मुजगहन बायपास पर गिरे विद्युत पोल, आवागमन बाधित, तेज आंधी-बारिश का असर

WhatsApp Channel Join Now
मुजगहन बायपास पर गिरे विद्युत पोल, आवागमन बाधित, तेज आंधी-बारिश का असर


मुजगहन बायपास पर गिरे विद्युत पोल, आवागमन बाधित, तेज आंधी-बारिश का असर


मुजगहन बायपास पर गिरे विद्युत पोल, आवागमन बाधित, तेज आंधी-बारिश का असर


धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)।सोमवार देर शाम अचानक बदले मौसम ने पूरे धमतरी अंचल में व्यापक असर डाला। तेज आंधी, बारिश और झोंकों के कारण जहां एक ओर खेतों में तैयार फसलों को नुकसान पहुंचा, वहीं सड़क किनारे लगे विद्युत पोल और टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गए। ग्राम मुजगहन बायपास मार्ग पर स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई है, जहां दो से तीन विद्युत पोल सड़क के आधे हिस्से तक गिर गए हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया है कि तेज हवा के चलते ये पोल असंतुलित होकर सड़क पर आ गिरे, जिससे मार्ग संकरा हो गया है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, ऐसे में जरा सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। स्कूल, कॉलेज और अन्य कामकाज के लिए ग्रामीण क्षेत्र से आने-जाने वाले लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। साथ ही रायपुर जाने वाले वाहन चालक भी बायपास पकड़ने के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर काफी चिंता है।

पंडित राजकुमार तिवारी, सोमेश कुमार साहू और धीरेंद्र साहू ने बताया कि गिरे हुए विद्युत पोल के कारण करंट फैलने का खतरा बना हुआ है, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और पोल को व्यवस्थित करने की मांग की है। मुजगहन मार्ग से खरतुली, आमदी, सनोद सहित कई गांवों के ग्रामीणों का आवागमन होता है। इसके अलावा जगदलपुर और रायपुर की ओर जाने वाले लोगों के लिए भी यह एक प्रमुख मार्ग है, जिससे इस समस्या का जल्द समाधान बेहद जरूरी हो गया है।

ग्राम मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू ने बताया कि मामले की सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई है। विभाग की ओर से जल्द ही गिरे हुए पोल को हटाने और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story