एमसीबी : मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना ’राहत, भरोसा और बदलाव की नई कहानी’

WhatsApp Channel Join Now
एमसीबी : मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना ’राहत, भरोसा और बदलाव की नई कहानी’


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश सरकार की जनहितकारी पहल मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना आज लाखों परिवारों के जीवन में राहत, भरोसा और सकारात्मक बदलाव की नई इबारत लिख रही है। यह योजना केवल बिजली बिल में छूट तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक बोझ से जूझ रहे आमजन को आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी दे रही है।

बढ़ते बिजली बिल और सरचार्ज के कारण कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे। ऐसे में इस योजना ने उन्हें बड़ी राहत दी है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को मूल बकाया में 50 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक की छूट और 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी मिल रही है। इससे हजारों परिवारों का आर्थिक संतुलन फिर से स्थापित हो रहा है।

शाहीन बेगम बनीं बदलाव की मिसाल

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड मनेंद्रगढ़ की निवासी शाहीन बेगम इस योजना की सफलता की एक सशक्त उदाहरण हैं। उन पर लगभग 48 हजार रुपये का बकाया बिजली बिल था, जो उनके लिए चिंता का कारण बन गया था। योजना के अंतर्गत मिली 23 हजार रुपये से अधिक की छूट ने उनकी मुश्किलों को काफी हद तक कम कर दिया। आज वे न केवल आर्थिक रूप से राहत महसूस कर रही हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त हुई हैं।

आसान प्रक्रिया, सबके लिए सुलभ

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी सरल और पारदर्शी प्रक्रिया है। उपभोक्ता “मोर बिजली ऐप” या नजदीकी वितरण केंद्र के माध्यम से आसानी से पंजीयन कर सकते हैं। केवल 10 प्रतिशत प्रारंभिक राशि जमा कर शेष बकाया को आसान किस्तों में चुकाने की सुविधा ने इसे और अधिक जनहितकारी बना दिया है।

लाखों उपभोक्ताओं को लाभ

प्रदेश में इस योजना से 28 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलने का अनुमान है। करीब 757 करोड़ रुपये से अधिक की राशि माफ की जा रही है, जो इसे राज्य की सबसे प्रभावशाली राहत योजनाओं में शामिल करता है।

भरोसे की नई नींव

यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार और नागरिकों के बीच भरोसे की नई नींव भी रख रही है। जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बकाया के कारण बंद हो गए थे, उन्हें फिर से सक्रिय होने का अवसर मिल रहा है। इससे उनके जीवन में सामान्यतः लौट रही है। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना प्रदेश के आमजन के लिए एक सकारात्मक परिवर्तन की कहानी बन चुकी है। यह योजना न केवल आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि लोगों के जीवन में उम्मीद, स्थिरता और विश्वास का उजाला भी फैला रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story