बच्चों में नैतिक मूल्यों का बीजारोपण करते हैं बुजुर्ग : शेष नारायण गजेंद्र

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों में नैतिक मूल्यों का बीजारोपण करते हैं बुजुर्ग : शेष नारायण गजेंद्र


धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जननी सेवा संस्थान अर्जुनी द्वारा संचालित सियानगुड़ी वरिष्ठ नागरिक सेवा केंद्र एवं माय भारत धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार काे अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर बुजुर्गों का सम्मान कर उपस्थित लोगाें ने उनके विचार सुने।

कार्यक्रम को संबाेधित करती हुई जननी सेवा संस्थान की अध्यक्ष अन्नपूर्णा गजेंद्र ने कहा कि बुजुर्गों के पास अनुभव का खजाना होता है। उनके विचार और संदेश हमें जीवन जीने की राह दिखाते हैं। बुजुर्गाें का आशीर्वाद से कार्य सफल होते हैं। जननी सेवा संस्थान के संयोजक शेष नारायण गजेंद्र ने कहा कि आज की इस भाग-दौड़ भरी जिंदगी में धीरे-धीरे पारिवारिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है। इसेक बचाए रखने की जिम्मेदारी हमारी है। हमें बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। बच्चों में नैतिक मूल्यों का बीजारोपण करने में बुजुर्गों का बड़ा योगदान होता है।

राष्ट्रीय सेवा योजना खरेंगा और भारतीय शिक्षण मंडल जिला धमतरी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठजनों के मनोरंजन और सक्रिय सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ी हास्य प्रस्तुतियां, गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवाओं और बुजुर्गों की संयुक्त सहभागिता ने कार्यक्रम को पीढ़ियों के बीच संवाद और सामाजिक जुड़ाव का मंच बना दिया। माय भारत धमतरी की जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे, यशवंत सिन्हा, भूपेंद्र मानिकपुरी, युवा स्वयंसेवक योगेश्वर सिन्हा, संकेत कुमार साहू, व्याख्याता एवं युवा रंगकर्मी आकाश गिरि गोस्वामी सहित जननी सेवा संस्थान की अध्यक्ष अन्नपूर्णा गजेंद्र और संयोजक शेष नारायण गजेंद्र उपस्थित रहे। आयोजन में वरिष्ठजनों के अनुभवों के आदान-प्रदान, सम्मान और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिव्या साहू, उमराव साहू, दिव्य प्रकाश, दानवीर, चैतांशु राजा, सती सेन, कुणाल देवांगन, प्रशांत साहू, धनेन्द्र कुमार, तुलसी साहू, दुलारी पटेल सहित संस्थान, माय भारत, एनएसएस और भारतीय शिक्षण मंडल के सदस्यों का सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story